--------------------------------------------------------------
खूबसूरत बड़ी तू लगी ज़िन्दगी,
जो मचल के हवा संग मुझे आ मिली .
मेरा दिल ही कुछ यूँ बेचैन था,
तुझको देखा और फिर यूँही जाने दिया .
-
एक दफा तू फिरसे दिखी तो ज़ुरूर,
बाल की लट तेरी मुझको छू भी गयी .
मैंने समझा कि है किरकिरी आंख की,
पलकें ढँक ली और तुझको जाने दिया .
-
अब तो रस्ते ये जाने भी अनजान हैं,
सब कुछ है वही बस गुम एक तू ही .
यादें आ जाती हैं बनके मरहम मेरा,
और पूछ लेती हैं कि क्यूँ जाने दिया ?
-
आँखों पे पड़ गया पानियों का कुहा,
सामने भी हो तो तुझको देखूं कहाँ ?
भीड़ है बेसबब और इतनी आवाज़ है,
सुन सकूं ना जो कहे तू - क्यूँ जाने दिया ?
-
उम्मीद उदास हो कर है रूठ गयी,
जो दुआ की लड़ी थी वो टूट गयी .
मान बैठा कि न हो तू तो भी सही,
कि क्या हो गया जो तुझको जाने दिया ?
---------------------------------------------------------------------------






